450 से अधिक स्कूलों का नहीं हुआ कायाकल्प
महराजगंज जिले में 450 से अधिक परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं। इसमें नौतनवां ब्लॉक में सर्वाधिक तथा फरेंदा व बृजमनगंज ब्लॉक में सबसे कम विद्यालय ही कार्य पूरा कराने से वंचित हैं।
ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत जिले में संचालित होने वाले सभी 2127 परिषदीय विद्यालयों की दशा को सुधारने की पहल शुरू की गई। इसमें से जहां अधिकांश विद्यालयों में कायाकल्प का कार्य पूरा करा लिया गया है, वहीं 434 विद्यालय ऐसे हैं, जहां अभी तक योजना के तहत निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
निर्माण कार्य प्रारंभ न कराने वाले विद्यालयों में नौतनवा ब्लॉक के सर्वाधिक 120, पनियरा के 86, घुघली के 50, परतावल के 42, मिठौरा के 51, सिसवां के 23, निचलौल व लक्ष्मीपुर में 20-20, सदर में 15 से अधिक, धानी में 10 तथा फरेंदा व बृजमनगंज में छह-छह विद्यालयों में कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जिले के 450 से अधिक विद्यालयों में कायाकल्प का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। खंड शिक्षा अधिकारी अनिवार्य रूप से उन विद्यालयों में कार्य प्रारंभ कराया जाना सुनिश्चित करें।
