शुक्रवार दोपहर म्योहर स्थित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के पास हुई घटना
म्योहर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखा म्योहर से 60 हजार रुपये निकाल कर घर जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक को टप्पेबाजों ने चूना लगा दिया। बैंक के समीप मिले जालसाज ने शिक्षक को झांसे में लेकर उसे डेढ़ लाख रुपये कागज की गड्डी थमाई और उनसे 60 हजार लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी पर सीओ सदर डॉ केजी सिंह, इंस्पेक्टर सुभाष यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, लेकिन टप्पेबाज का पता नहीं चल सका।
सरायअकिल कोतवाली के बसुहार निवासी ज्ञान सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक है। ज्ञान सिंह के मुताबिक उनका बचत खाता म्योहर स्थित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में है। शुक्रवार को करीब 11 बजे वह बैंक में पैसे निकालने आए थे खाते से 60 हजार रुपये निकालने के बाद ज्ञानसिंह कुछ दूरी पर खड़े थे,
सभी एक अनजान व्यक्ति मिला। उसने ज्ञान सिंह को प्रणाम करते हुए कहा कि गुरु जी आपने ने पहचाना नहीं। इसके बाद युवक ने ज्ञान सिंह को झांसे में लेकर जाली नोटों का एक बंडल देते हुए कहा कि इसमें डेढ़ लाख रुपये हैं। वह यह पैसा अपने पास रख लें और अपने पास का 60 हजार रुपये उसे दे दें। बताया कि उसे एक व्यक्ति के खाते में पैसे जमा करने हैं। बाद में आकर वह उनका 60 हजार रुपया देकर बाकी का 1.20 लाख ले लेगा। झांसे में आए ज्ञानसिंह ने उसे अपने पैसे दे दिए। इसके बाद युवक काफी देर तक नहीं लौटा तो ज्ञान सिंह ने कागज का बंडल खोला। देखा कि अंदर कुछ नोट के अलावा सादे कागज की गड्डी थी।

