Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, July 12, 2023

150 निजी स्कूलों की मान्यता पर खतरा, यू-डायस पोर्टल पर नहीं लोड की छात्रों की प्रोफाइल

 अयोध्या। यू-डायस पोर्टल पर छात्रों की प्रोफाइल फीड न करने वाले 150 निजी स्कूलों की मान्यता खतरे में पड़ गई है। लापरवाही से नाराज बीएसए संतोष कुमार राय ने सोमवार को इन निजी स्कूलों को अंतिम नोटिस जारी कर 15 जुलाई तक डाटा फीड करने का समय दिया है। यदि इसके बाद भी डाटा फीड नहीं किया गया तो मान्यता को समाप्त कर विद्यालय को बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी।

 शासन ने परिषदीय तथा निजी विद्यालयों का पूरा डाटा यू-डायस प्लस पोर्टल पर फीड करने के निर्देश दिए हैं। इसका नोडल अधिकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी को बनाया है।



जिले में सभी परिषदीय 1790 विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का पर्सनल डाटा (नाम, माता-पिता का नाम, पता व आधार नंबर आदि) पोर्टल पर फीड हो चुका है। वहीं, इसके सापेक्ष निजी विद्यालयों की प्रगति काफी कम है। जिले में 716 से अधिक प्राइवेट मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं, जिनमें अभी तक 430 स्कूलों ने छात्रों की प्रोफाइल फीड नहीं की है।


पहले भी डाटा फीड न करने वाले निजी विद्यालयों को नोटिस जारी किए गए थे तथा खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया था। इसके बाद भी विभागीय नियमों तथा मान्यता की शर्तों का उल्लंघन किया जा रहा है। बीएसए ने बताया कि आखिरी अवसर दिया जा रहा है, यदि संबंधित स्कूल फीडिंग नहीं कराते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।

150 निजी स्कूलों की मान्यता पर खतरा, यू-डायस पोर्टल पर नहीं लोड की छात्रों की प्रोफाइल Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link