बंथरा में अमावा के जंगल में दिनदहाड़े वारदात, ग्रामीणों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़ा, चार पर केस
लखनऊ। बंथरा के अमावा जंगल में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवती की हत्या कर दी गई। युवती की चीखें सुनकर ग्रामीण ने एक आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सरोजनीनगर के गहरू निवासी रवि के मुताबिक उसकी बहन मोनी कश्यप ( 24 ) सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे घर से नादरगंज जाने के लिए निकली थी। दो फैक्टरियों में उसका इंटरव्यू होना था। दोपहर करीब ढाई बजे अमावा के जंगल में ग्रामीणों को युवती की चीखें सुनाई देने लगीं। ग्रामीण जव मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक शख्स ई-रिक्शा लेकर भाग रहा था। उसे ग्रामीणों ने दबोचा लिया। पुलिस को सूचना देकर उनके सुपुर्द कर दिया। पकड़ा गया युवक बंधरा के रामदासपुर गांव निवासी रूप प्रकाश यादव उर्फ छोटू है।
पुलिस का कहना है प्रथमदृष्टया हत्या गला दबाकर प्रतीत होती है। मंगलवार को पोस्टमार्टम में बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि अब तक दुष्कर्म के साक्ष्य नहीं मिले हैं।

