16 दिन से बगैर प्रभार के चल रहा मध्य विद्यालय धनौज धर्मपुर में वरीय शिक्षक जुबेर आलम को स्कूल का प्रभार दिया गया। शनिवार को महिषी के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्य प्रकाश ने स्कूल पहुंचकर निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापक शिव शंकर चौधरी उर्फ राजा कुमार से अपनी मौजूदगी में विद्यालय के वरीय शिक्षक जुबेर आलम को विद्यालय से संबंधित प्रशासनिक एवं एमडीएम का प्रभार हस्तांतरण करवाया।
विद्यालय के निचले दो कमरे में संचालित एनपीएस सिरसिया के प्रभारी प्रधानाध्यापिका मीरा कुमारी को फटकार लगाते हुए बीईओ ने कहा कि आप अपनी आदत में सुधार लाइए। विद्यालय में कुव्यवस्था को दूर कीजिए, अन्यथा आप पर भी अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। बीईओ ने साफ लहजे में कहा कि किसी भी परिस्थिति में आपके पति संजय कुमार विद्यालय के समय में विद्यालय के वर्ग व कमरा में नहीं आ सकते। ना ही विद्यालय से संबंधित किसी भी पंजी एवं अन्य मामले में दखल दे सकते हैं। अगर किसी रजिस्टर में उनकी लेखनी व किसी भी तरह की एंट्री की जाती है तो आप के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

