शनिवार को गन्ने का जूस पी रही एक महिला
शिक्षिका का दुपट्टा मशीन में फंस गया। जिसके
कारण गला दब जाने से उसकी मौत हो गई।
घटना अंबा बाजार के मछली मार्केट समीप की
है। मृतका की पहचान अंबा के देवची बिगहा गांव
निवासी शिक्षिका ममता कुमारी के रूप में की गई।
वह मध्य विद्यालय तेलहारा में कार्यरत थी। उक्त
शिक्षिका की शादी नवीनगर निवासी राजकुमार
तिवारी के साथ हुई थी। कुटुंबा प्रखंड में पंचायत
शिक्षक के रूप में चयनित होने के बाद वह अपने
14 वर्षीय पुत्र व पति के साथ मायके देवची
बिगहा में ही रहती थी। शनिवार की शाम वह
किसी आवश्यक कार्य को लेकर घर से अपने पुत्र
के साथ बाजार गई थी। जहां गन्ने का जूस पीने के
दौरान उसका दुपट्टा जूस निकालने वाला डीजल
में फंस गया तथा उसका गला दब गया।
आसपास के लोगों ने डीजल इंजन को बंद किया।
तब तक महिला शिक्षिका की मौत हो चुकी
थी। जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन
घटनास्थल पर पहुंचे तथा उसे आनन-फानन में
इलाज के लिए कुटुंबा रेफरल अस्पताल ले गए।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना की सूचना पहुंची पुलिस ने ईख का
रस निकालने वाली मशीन को अपने कब्जे में ले
लिया। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि
कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए
औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए
परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद परिजनों
का रो-रो कर बुरा हाल है।

