सासाराम, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का फोन रिसीव नहीं करना जिले के चार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को महंगा पड़ा। प्राथमिक शिक्षा के निदेशक ने जिले के चार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का वेतन भुगतान को स्थगित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही स्पष्टीकरण की भी की है। जिसमें जिले के सासाराम प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, डेहरी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, तिलौथू प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रजीनश कुमार व दिनारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सरोज कुमार शामिल हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजे पत्र में कहा गया है कि विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों के निवारण को लेकर विभागीय कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर संचालित है। विभागीय कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निष्पादन के क्रम में जब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों के दूरभाष पर बार-बार संपर्क किया गया। लेकिन उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। जो बेहद खेदजनक एवं स्वेच्छाचारिता का द्योतक है। पत्र में वेतन भुगतान स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है।

