जागरण संवाददाता, घोसियारी : खेसरहा थाना के कुर्थिया चौकी क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पाला में सप्ताह भर में चोरों ने दो बार हाथ साफ कर दिया है। बुधवार की रात ताला तोड़ कर चोरों ने रसोई गैस सिलेंडर सहित मध्यान्ह भोजन के राशन व अन्य खाद्य सामग्रियों को लेकर चलते बने हैं।
बीते दो मई को चोरों ने इसी विद्यालय
से गैस सिलेंडर, बर्तन सहित अन्य सामानों पर हाथ साफ किया था, जिसका पटाक्षेप पुलिस कर भी नहीं पाई है की फिर चोरी हो गई। प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार सुबह जब स्कूल पहुंचे तो देखा विद्यालय व रसोई कक्ष का ताला टूटा है। वह रसोई कक्ष में गए तो का ताला तोड़ कर गैस सिलेंडर, चूल्हा, दाल, तेल तथा राशन गायब था। वह तत्काल
कुर्थिया पुलिस चौकी पर पहुंचे और घटना के संबंध में तहरीर दिए। नुकसान को लेकर एक माह पूर्व प्रधानाध्यापकों द्वारा खेसरहा थाने पर पहुंच कर थानाध्यक्ष को एक मांग पत्र भी दिया गया था। लोगों ने पत्र में विद्यालय के बंद होने के उपरांत इनकी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की थी। थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान सहित चौकीदारों से विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था के प्रति कहा गया है। इस चोरी की घटना की स्वयं जांच कर रहे हैं अविलंब कार्रवाई की जाएगी।

