निरीक्षण किया नहीं सीधे वेतन कटौती का आदेश
सरायगढ़, निज संवाददाता। मिडिल स्कूल सरायगढ़ का बिना निरीक्षण के ही वेतन कटौती करने की रिपोर्ट वरीय अधिकारी को भेजने के कारण शिक्षकों में आक्रोश है। एचएम चंद्रा देवी, सहायक शिक्षिका प्रियंका कुमारी, बबीता कुमारी, मीरा कुमारी और अस्मिता कुमारी ने डीईओ, बीईओ सहित अन्य अधिकारियों को देकर मामले की जांच करने की मांग की है। आवेदन में एचएम ने कहा है कि उनके स्कूल का 6 मई को किसी भी अधिकारी द्वारा निरीक्षण नहीं किया गया, लेकिन एचएम सहित अन्य चार शिक्षिकों को स्कूल से अनुपस्थित दिखाकर जिला को रिपोर्ट भेज दी गई है। एचएम का कहना है कि 6 मई को
सभी शिक्षक मिशन दक्ष कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे से लेकर 10 बजे तक स्कूल में उपस्थित होकर कार्य किया है। इसके बावजूद अधिकारी द्वारा जानबूझकर प्रताड़ित करने के उद्देश्य से स्कूल का बिना जांच किए ही शिक्षिकों को स्कूल से अनुपस्थित दिखा कर फर्जी तरीके से जिला को रिपोर्ट कर दिया गया है। बीईओ के रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने शिक्षकों के वेतन कटौती करने का आदेश दिया है। शिक्षकों ने अधिकारियों से इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, बीईओ रीता कुमारी ने बताया कि उनके द्वारा 6 मई को स्कूल की जांच की गई थी। इसके बाद वेतन कटौती को लेकर विभाग को रिपोर्ट किया गया है।

