मुजफ्फरपुर। राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय करजा में ढाई फीसदी उपस्थिति होने पर हेडमास्टर समेत सभी शिक्षकों का वेतन बंद कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान मिली कम उपस्थिति पर डीईओ अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को यह कार्रवाई की है। आदेश में डीईओ ने कहा कि आठ अप्रैल को उक्त विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। विद्यालय में वर्ग दशम में 454 विद्यार्थी नामांकित हैं जिसमें से मात्र 10 ही उपस्थित थे। वहीं, 12वीं में 10 नामांकन के विरुद्ध एक भी छात्र उपस्थित नहीं था। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि प्रयोगशाला एवं विद्यालय के कमरों में गंदगी भरी हुई है तथा उसमें कबाड़ रखे गए हैं। प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की रुचि विद्यार्थियों के शैक्षणिक गतिविधि में नहीं पाई गई। सभी से तीन दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।

