Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, March 2, 2026

होली के मद्देनजर यूपी में इस दिन तक पुलिसवालों की छुट्टियां रद्द, डीजीपी ने जारी किया आदेश

होली के मद्देनजर यूपी में इस दिन तक पुलिसवालों की छुट्टियां रद्द, डीजीपी ने जारी किया आदेश


होली के त्योहार पर उत्तर प्रदेश में क़ानून-व्यवस्था की चुनौती के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के अवकाश पर सात मार्च तक रोक लगा दी गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां एक से सात मार्च तक रद कर दी हैं। उन्होंने सभी पुलिस आयुक्त, एसएसपी/एसपी व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को इसे लेकर निर्देश जारी किया है। डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बाद ही पुलिसकर्मी अवकाश ले सकते हैं। इसके साथ त्योहार पर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके पहले 14 फरवरी को डीजीपी राजीव कृष्ण ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एक बैठक की थी जिसमें उन्होंने होली और आने वाले अन्य त्योहारों के मद्देनजर सभी पुलिस कमिश्नरों, कप्तानों, डीआईजी-आईजी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा था इस मौके पर प्रदेश भर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी जाए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्लान तैयार कर लिया जाए, ताकि ऐसे समय में भीड़ बढ़ने पर किसी को समस्या न हो। प्रमुख मंदिरों, घाटों ओर मस्जिदों के आस पास भी पुलिसकर्मियों की डयूटी लगा दी जाए। ऐसे समय पर हर छोटी-छोटी सूचना को भी गम्भीरता से लिया जाए, ताकि किसी तरह की चूक न हो।



 डीजीपी ने कहा कि पिछले सालों में हुए विवादों की समीक्षा कर ली जाए। जरूरत पड़ने पर दोनों पक्षों से बातचीत कर समय से विवाद को सुलझा लिया जाए। इस दौरान मिलने वाली कोई भी छोटी सूचना मिले तो उस पर ध्यान दें। पूरी सतर्कता बरतते हुए तत्काल ऐक्शन लिया जाए। प्रदेश में सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म की भी सतर्क निगरानी की जाए। कहीं कोई अफवाह फैलाने की कोशिश हो तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। होलिका दहन वाले स्थानों पर पहले से ही सुरक्षा का इंतजाम हो। जिन स्थानों पर पहले कोई विवाद हुआ हो वहां अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। डीजीपी ने अफसरों से कहा कि नए अपराधिक कानूनों के तहत की जा रही विवेचना में गुणवत्ता लाए। इसमें किसी तरह की समस्या आने पर वरिष्ठ अफसरों से जरूर राय लें।



 सड़क पर रहेगी खास नजर, ड्रोन से भी निगरानी

होली के मौके पर ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसमें पुलिस के साथ-साथ परिवहन विभाग भी सतर्क रहेगा। प्रदेश के कई संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। कहीं भी गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ त्वरित और सख्त ऐक्शन लिया जाएगा।


होली के मद्देनजर यूपी में इस दिन तक पुलिसवालों की छुट्टियां रद्द, डीजीपी ने जारी किया आदेश Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link