स्कूलों के पास अब जाम से निजात दिलाएंगे मार्शल
लखनऊ, वसं। स्कूल में दोपहर की छुट्टी के बाद लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलने की उम्मीद जग गई है। यातायात विभाग ने उच्च न्यायालय के सख्त आदेश के बाद उन 20 स्कूलों को चिन्हित किया है, जहां छुट्टी के बाद भीषण जाम में फंसकर वाहन सवार परेशान होते हैं। डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश में स्कूलों के छुट्टी के समय ट्रैफिक को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक मार्शलों की ट्रेनिंग शुरू की है।
स्कूलों की ओर से तैनात किए जाने वाले मार्शलों का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत रविवार से पुलिस लाइन में की गई है। प्रशिक्षण में 20 स्कूलों के 170 ट्रैफिक मार्शलों ने हिस्सा लेकर ट्रैफिक नियमों की जानकारी ली और ट्रैफिक संचालन से जुड़े बिंदुओं पर प्रशिक्षित किए गए। डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित ने बताया कि गोमतीनगर, महानगर, चारबाग, हजरतगंज, ठाकुरगंज इलाके के बड़े स्कूलों में छुट्टी के बाद ट्रैफिक कंट्रोल में बड़ी परेशानी हो रही थी। अभी स्कूलों में या तो छुट्टी चल रही है या परीक्षा चल रही है। इसलिए छात्रों की संख्या कम होने से जाम की स्थिति नहीं बन रही हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से तैनात किए गए मार्शलों को ट्रैफिक कंट्रोल करने का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है, जिसका असर आने वाले दिनों में स्कूल खुलने के बाद ट्रैफिक जाम से राहत मिलने पर नजर आएगा।

