कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए नामांकन 18 मई से
प्रयागराज। शिक्षा निदेशालय मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा सोमवार को हो गई। इससे पहले नवंबर-दिसंबर 2023 में चुनाव हुए थे। सोमवार को शिक्षा निदेशालय में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष घनश्याम यादव की अध्यक्षता में हुई आमसभा में 18 मई से नामांकन और तीन-चार जून को मतदान की सहमति बनी। सेवा लेखा अनुभाग के प्रशासनिक अधिकारी दीपक जायसवाल को चुनाव अधिकारी जबकि रवीन्द्र कुमार चंचल, विश्वदीपक द्विवेदी, शाहिद अख्तर जैदी और सुरेश पटेल को उपचुनाव अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में तीन-चार जून को मतदान पर सहमति
शिक्षा निदेशालय कर्मचारी संघ का कार्यक्रम जारी
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आठ मई की शाम छह बजे तक सदस्य शुल्क जमा होंगे और 11 मई को सदस्यों/मतदाताओं की अनंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। 12 मई तक आपत्तियां लेंगे और निराकरण के बाद 13 मई को चार बजे अंतिम सूची प्रकाशित होगी। नामांकन 18 मई सुबह दस बजे से 19 मई शाम चार बजे तक होंगे।
प्रत्याशियों की अनंतिम सूची 20 मई को चार बजे जारी होगी और 21 मई के तीन बजे तक नाम वापसी के बाद 22 मई को पांच बजे अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। तीन जून को प्रयागराज जबकि चार जून को लखनऊ में मतदान होगा और पांच जून को सुबह दस बजे से मतगणना होगी। प्रयागराज और लखनऊ में लगभग 450 मतदाता हैं।

