आज से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज बूंदाबांदी के आसार
लखनऊ। प्रदेश के मौसम में शुक्रवार से दोबारा बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत पश्चिम के 18 जिलों में तेज हवा और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार के बीच बारिश के साथ ही इन जिलों में वज्रपात और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। इधर बृहस्पतिवार को धूप की तपिश और भीषण गर्मी ने लोगों को असहज किया। बांदा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। जबकि प्रयागराज में 40 डिग्री, वाराणसी व हमीरपुर में 39.5 डिग्री और कानपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार से पश्चिमी यूपी से बारिश का दौर शुरू होकर शनिवार को पूर्वी यूपी में पहुंचेगा।

