जुलाई से चार ब्लॉकों के स्कूल में मिलेगा NGO से तैयार MDM, शिक्षकों को मिड-डे-मील बनाने की परेशानी से मिलेगी मुक्ति
गोरखपुर। जंगल कौड़िया, भरोहिया, पिपराइच और कैंपियरगंज ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को जल्द ही अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से तैयार किया गया पौष्टिक मध्याह्न भोजन मिलने लगेगा। जुलाई माह से इन चार ब्लॉकों में भोजन वितरण शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इस व्यवस्था से शिक्षकों को मिड-डे-मील बनाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और अनावश्यक लेखा-जोखा का बोझ भी कम होगा। साथ ही बच्चों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन नियमित रूप से मिल सकेगा
जिला मिड-डे मील समन्वयक दीपक पटेल ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जुलाई से जंगल कौड़िया, भरोहिया, पिपराइच और कैंपियरगंज में अक्षय पात्र फाउंडेशन का बना हुआ भोजन स्कूलों में पहुंचने लगेगा। उन्होंने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र, चारगांवा, भटहट और खोराबार के दो न्याय पंचायतों में पहले से ही अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी ने अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से स्कूलों में मध्याह्न भोजन देने के प्रमुख लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को पौष्टिक और गर्म भोजन मिलता है, जिससे उनके पोषण स्तर में सुधार होता है। स्कूल में नामांकन और उपस्थिति बढ़ती है तथा कक्षा में भूख के कारण होने वाली समस्या खत्म होती है।

