आज का मौसम 30 मई: 8 घंटों के अंदर 13 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट, 100 की स्पीड से हवा
आज का मौसम 30 मई 2026: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही लू की स्थिति थम गई है, साथ ही अगले 24 घंटे के अंदर मध्य भारत में लू का प्रकोप थम जाएगा। वहीं 29 से 31 मई के बीच उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। जबकि कई इलाकों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
IMD के अनुसार 1 से 4 जून के बीच पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बीच मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में बारिश की संभावना (30 मई से 1 जून): राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकांश तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम हो सकता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट (30-31 मई): उत्तर प्रदेश में 30 और 31 मई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार, कप्रयागराज, कानपुर, गाजीपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और बांदा में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट (30 मई): बिहार के पटना, राजगीर, सिवान, भागलपुर समेत कई जिलों में आज 30 मई को गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। जबकि शुक्रवार को राजधानी पटना में 107 किलोमीटर
प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गईं।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट (30 मई): मौसम विभाग ने जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है। जबकि पूर्वी राजस्थान में तापमान में गिरावट आ सकती है। 30 मई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती हैं। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड में आंधी-बारिश की संभावना (30-31 मई): झारखंड में 30 मई को 50-70 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में आंधी-बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। नेतरहाट में 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

