खेरागढ़। ब्लॉक खेरागढ़ के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी और लापरवाही की शिकायतों पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और समाचार पत्रों में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद ने विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में भारी अव्यवस्था और शिक्षक अनुपस्थित मिले।
ग्रामीणों की ओर से बुधवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद ने महमदगढ़ और रामपुरा में विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शुक्रवार को भी विद्यालयों में शिक्षक अनुपस्थित मिले। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वह सुबह 8 बजे महमदगढ़ पहुंचे, जहां शिक्षिका खुशबू विद्यालय से नदारद मिलीं। करीब साढ़े आठ बजे विद्यालय पहुंचने पर उनकी एवं देर से पहुंची एक शिक्षा मित्र सहित दोनों की अनुपस्थिति दर्ज की गई। वहीं परिषदीय विद्यालय रामपुरा में शिक्षक राजवीर सिंह भी अनुपस्थित मिले। खुशबू और राजवीर का वेतन रोकने की कार्रवाई की जा रही है।
