दरोगा भर्ती परीक्षा परिणाम का भ्रामक वीडियो डाला,केस
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा परिणाम में धांधली का आरोप लगाया गया। धांधली का आरोप लगाते हुए ‘आशुतोष पांडेय’ नाम से बनी फेसबुक आईडी से एक भ्रामक वीडियो वायरल किया गया। वायरल वीडियो के आधार पर फेसबुक आईडी के खिलाफ हुसैनगंज थाने में भर्ती बोर्ड की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हुसैनगंज थानाप्रभारी शिव मंगल सिंह के मुताबिक फेसबुक पर ‘आशुतोष पांडेय’ नाम की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में परीक्षा परिणाम में धांधली व अपने लोगों से पैसे लेकर जुगाड़ वालों को नौकरी मिल रही है, यह कथन कहते हुए वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के माध्यम से इस तरह की भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। थानाप्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है। साइबर क्राइम सेल आईडी के आधार पर आईपी एड्रेस का पता लगा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

