लखीमपुर खीरी। गर्मियों के अवकाश में बच्चे नवीन सत्र से लेकर अवकाश तक पढ़ाया गया विषय भूल न जाए इसको लेकर परिषदीय स्कूलों के बच्चों को गृहकार्य दिया जाएगा। इस बार गर्मी की छुट्टियों में भी पढ़ाई करनी होगी। बच्चों को स्कूलों से शिक्षक प्रोजेक्ट दिया जाएगा, जिसे छुट्टियों में पूरा करना होगा। बच्चों का शिक्षा और स्कूल के प्रति तारतम्य बना रहे, इसको लेकर यह निर्णय लिया गया है।
जिले में कुल 3106 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जहां पर साढ़े चार लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। नवीन सत्र में पंजीकृत हुए छात्र-छात्राओं के अलावा पहले से पंजीकृत बच्चों को छुट्टी में स्कूली कामकाज दिया जाएगा। विभाग ने इसको लेकर तैयारी तेज कर दी है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि 19 मई को पढ़ाई के बाद 20 मई से स्कूल बंद कर दिए जाएंगे।
अमूमन देखा गया है कि बिताई गई छुट्टियों में बच्चे जो कुछ भी पढ़ते हैं वह सब भूल जाते हैं। इससे शिक्षकों को दोहरा परिश्रम करना पड़ता है। इस बार बच्चों को विषय के हिसाब से उन्हें कोर्स और प्रोजेक्ट दिया जाएगा, जिसे गर्मियों की छुट्टी में ही पूरा करना होगा। छुट्टियों के बाद जब दोबारा स्कूल खुलेंगे तो बच्चों के इस कार्य को शिक्षक चेक करेंगे। उन्होंने कहा कि इस काम में अभिभावकों को भी सहयोग करना चाहिए। अभिभावक अपने बच्चों को छुट्टियों के दौरान कुछ न कुछ पढ़ाई कराते रहें।
