गुरुजी को मासिक पाठ्यक्रम पूर्ण करने, बच्चों को गृहकार्य देने की हिदायत
पाठ्यक्रम में पिछड़ जाएं तो अतिरिक्त कक्षाएं लेकर उसे पूरा करें
प्रयागराज : परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। प्रत्येक विद्यालय में घंटा (बेल) का प्रयोग किया जाना है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला परियोजना कार्यालय में बीएसए की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा निर्देश जारी किए गए। इनमें प्रमुखता से कहा गया कि सभी अध्यापक निर्धारित मासिक पाठ्यक्रम पूर्ण करें। जिस महीने में जितना पाठ्यक्रम पढ़ाना है उसे अनिवार्य रूप से पढ़ाएं और डायरी में भी दर्ज करें। यदि किसी कारण से पाठ्यक्रम में पिछड़ जाएं, तो अतिरिक्त कक्षाएं लेकर उसे पूरा करें।
बीएसए अनिल कुमार ने कहा कि गर्मी की छुट्टी के लिए बच्चों को गृह कार्य जरूर दें, जिससे उनकी पढ़ाई का अभ्यास चलता रहे। सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा प्रतिदिन होनी चाहिए। इन सबके साथ निपुण ऐप पर प्रतिदिन आकलन करना है। शिक्षक डायरी जरूर पूर्ण करें। रसोइया के लिए भी निर्देश दिए गए कि वे अपनी ड्रेस (साड़ी) और एप्रन जरूर पहनें। पीएम ई विद्या चैनल का प्रयोग करें। जिन स्कूलों में स्मार्ट क्लास है उसका पूरा प्रयोग किया जाए। आईसीटी लैब से बच्चों को जरूर जोड़ें। शिक्षक संकुल बैठक रोस्टर वार (प्रत्येक विद्यालय सम्मिलित) करें।

