Gold Silver Price Today May 8: चांदी 7000 रुपये उछली, सोना भी मजबूत, आज सुबह अपने शहर में 24K, 22K, 18K का भाव देख लें
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। डॉलर में गिरावट और अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण ऐसा हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, गुरुवार को बाजार बंद होने तक चांदी की कीमत चढ़कर 2,61,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं, सोना चमककर 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। दूसरी ओर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों कीमती धातुओं में अलग-अलग रुख रहा। चांदी मजबूत हुई। वहीं, सोना मामूली नुकसान में रहा।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के मुताबिक, बीते सत्र में बाजार बंद होने के समय 24-कैरेट सोने की कीमत 1,51,150 रुपये प्रति 10 ग्राम (3% जीएसटी और मेकिंग चार्ज के बिना) थी। 22-कैरेट सोने के दाम 1,47,520 रुपये प्रति 10 ग्राम थे।
दूसरी तरफ एमसीएक्स पर गुरुवार रात 11.03 बजे दोनों कीमती धातुएं अलग-अलग रुख के साथ कारोबार कर रही थीं। जुलाई डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 4,415 रुपये यानी 1.74 फीसदी ऊपर थी। यह 2,57,680 रुपये प्रति किलो पर बोली जा रही थी। वहीं, सोने के भाव 19 रुपये यानी 0.01 फीसदी नुकसान में थे। यह पीली धातु 1,52,113 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रही थी।
जानकार क्या कह रहे हैं?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (शोध) सौमिल गांधी ने कहा, 'अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बनी उम्मीदों से कीमती धातुओं के बाजार में सकारात्मक माहौल बना। इससे सोने की कीमतों में तेजी बनी रही।'
गांधी ने कहा, 'डॉलर में जारी कमजोर रुख से कीमती धातुओं को और सहारा मिला। डॉलर सूचकांक 98 के स्तर से नीचे रहा। अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष को सुलझाने के लिए संभावित समझौते को लेकर बाजार में चल रही अटकलों के कारण डॉलर में आई गिरावट से मॉनेटरी पॉलिसी में नरमी की संभावनाएं बनी हैं।'
गुरुवार को अमेरिकी डॉलर सूचकांक 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 97.88 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में तीन फीसदी से अधिक की गिरावट आई। इससे यह 97.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


