UP Weather: उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी, आज 60 की रफ्तार से चलेगी आंधी, इन जिलों में अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में इन दिनों बारिश के बाद मौसम बदला हुआ है। बीते कुछ दिनों में प्रदेश के तापमान में कमी आई है और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक आज 6 मई को भी प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वांचल में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा समेत कई जिलों में एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। जबकि पूर्वांचल में गोरखपुर, महाराजगंज, बहराइच समेत 10 जिलों में कुछ जगहों पर बारिश होगी। इन जिलों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि, बारिश की रफ्तार कल से कम होने लगेगी।
लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी के आसार
राजधानी लखनऊ में आज सुबह से मौसम साफ बना हुआ है और धूप निकलने की संभावना है, लेकिन आसपास के जिलों में मौसम सक्रिय होने का असर यहां भी दिखाई दे सकता है। दोपहर बाद लखनऊ में कई जगहों पर धूल भरी आंधी और बिजली चमकने की संभावना है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है। वहीं आगरा और कानपुर में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।
यूपी में आज भी आंधी-बारिश रहेगी जारी
यूपी में आज गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और संत कबीर नगर में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों में बिजली चमकने के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
इसके अलावा बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, रामपुर और बिजनौर में भी तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, शामली, नोएडा, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, बदायूं, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ और बलिया में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
