जौनपुर में भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय, कक्षा 1 से 8 तक सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी पढ़ाई
जौनपुर। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी, तेज धूप और तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) जौनपुर द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय विद्यालयों में 16 जून 2026 से अगले आदेश तक शिक्षण कार्य सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।
जारी आदेश में कहा गया है कि ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय 16 जून से शैक्षिक कार्य हेतु खुल रहे हैं। इसी बीच जिलाधिकारी जौनपुर के निर्देशों के अनुपालन में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि तेज धूप, भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नए समय-सारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की प्रतिलिपि राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा, निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक को भी भेजी गई है।
इस निर्णय से विद्यार्थियों को दोपहर की तेज गर्मी से राहत मिलेगी तथा विद्यालयी गतिविधियां अपेक्षाकृत ठंडे समय में संचालित हो सकेंगी।


