प्राचार्य भर्ती परीक्षा 360 अंकों की होगी , असिस्टेंट प्रोफेसर के साक्षात्कार 21जुलाई से
प्राचार्य भर्ती परीक्षा 360 अंकों की होगी
प्रयागराज। प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में छह साल बाद होने जा रही प्राचार्य भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अब 360 अंकों की होगी। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को प्राचार्य के 111 रिक्त पदों की सूचना भेजी गई है।
इसकी भर्ती के लिए विज्ञापन जुलाई के दूसरे सप्ताह तक जारी होने की संभावना है। उससे पहले चयन आयोग ने प्राचार्य भर्ती की लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम वेबसाइट पर जारी कर दिया है। नई परीक्षा में काफी बदलाव किए गए हैं। चयन आयोग ने प्राचार्य भर्ती के लिए 360 अंकों की लिखित परीक्षा और 40 नंबर के साक्षात्कार का प्रावधान किया है। इसमें सामान्य अध्ययन के 40 और प्रशासनिक क्षमता के 80 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न का सही जवाब देने पर तीन अंक मिलेंगे।
इससे पहले उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने 2019 में प्राचार्य के 290 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 49 जारी की थी। उसमें 100 अंकों की लिखित परीक्षा और 20 नंबर का साक्षात्कार था। लिखित परीक्षा में सामान्य अध्ययन के 30 और प्रशासनिक क्षमता के 70 सवाल पूछे गए थे और प्रत्येक एक-एक अंक के थे। इस प्रकार प्राचार्य की नई भर्ती में पिछली बार 20 सवाल अधिक पूछे जाएंगे।
अब गलत जवाब पर कटेंगे एक तिहाई अंक
प्रयागराज। संशोधित परीक्षा योजना में चयन आयोग ने किसी प्रश्न का गलत जवाब देने पर एक नंबर (पूर्णांक का एक तिहाई) काटने का प्रावधान किया है। इससे पहले आयोजित परीक्षा में एक चौथाई नेगेटिव मार्किंग थी। विज्ञापन 49 में गलत जवाब देने पर दशमलव दो पांच अंक काटने का प्रावधान किया था।
सामान्य स्तर के होंगे 50 प्रतिशत प्रश्न
असिस्टेंट प्रोफेसर के साक्षात्कार 21जुलाई से
प्रयागराज। यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 33 विषयों में कुल 910 पदों पर चयन के लिए साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम सोमवार को जारी कर दिया गया। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 18 व 19 अप्रैल को कराई गई थी, जिसका औपबंधिक परिणाम नौ जून को घोषित किया गया था। इसमें सफल कुल 3155 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 21 जुलाई से विभिन्न तिथियों में आयोजित किया जाएगा।
21 जुलाई को अर्थशास्त्र, 22 जुलाई वनस्पति विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र, 23 जुलाई रसायन विज्ञान, 24 जुलाई अंग्रेजी, 28 जुलाई कृषि अर्थशास्त्र, मानव विज्ञान एवं भूगोल, 29 जुलाई भौतिक विज्ञान एवं मनोविज्ञान, 30 जुलाई चित्रकला, संस्कृत एवं उर्दू, 31 जुलाई प्राचीन इतिहास, सैन्य विज्ञान एवं संगीत गायन के इंरटव्यू होंगे। चार अगस्त शिक्षाशास्त्र एवं इतिहास, पांच अगस्त पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान, संगीत तबला, शारीरिक शिक्षा एवं जंतु विज्ञान, छह अगस्त विधि एवं राजनीति विज्ञान, सात एवं 11 अगस्त को हिंदी तथा सात अगस्त को गणित, 12 अगस्त एशियन कल्चर, उद्यान विज्ञान, संगीत सितार, समाजशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा 13 अगस्त गुरुवार को वाणिज्य एवं गृह विज्ञान विषयों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र www.upessc.up.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने कहा, साक्षात्कार उच्च न्यायालय में योजित विशेष अपील में 17 अप्रैल 2026 को पारित आदेश व इसके विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में योजित विशेष अनुज्ञा याचिका में 25 मई 2026 को पारित आदेश के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
प्राचार्य भर्ती का पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने जो प्रारूप तैयार किया है उसमें लिखित परीक्षा के कुल 120 प्रश्नों में से 20 प्रतिशत सवाल बहुत कठिन स्तर के होंगे। 50 प्रतिशत प्रश्न औसत और 30 फीसदी प्रश्न कठिन स्तर के होंगे। समिति के संयोजक सदस्य प्रो. राज नारायण शुक्ला हैं जबकि सदस्य के रूप में डॉ. रोहिताश सिंह, डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. कृष्ण चन्द्र वर्मा, डॉ. राधा कृष्ण शामिल हैं।

