Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, June 3, 2026

एसओपी लाने की शिक्षा विभाग की तैयारी

 पटना। छात्रों और अभिभावकों की शिकायतों का निबटारा अब हर हाल में अधिकतम 30 दिनों के अंदर होगा। निष्पादन नहीं कर सकने की स्थिति में कारण बताना होगा। यही नहीं कोर्ट में लंबित मामलों के संदर्भमें भी उन्हें अद्यतन स्थिति की जानकारी देनी होगी। इसके लिए एसओपी लागू होगी।


शिक्षा विभाग के मुताबिक इस व्यवस्था के माध्यम से छात्रवृत्ति, नामांकन, प्रमाण पत्र, विद्यालय संबंधी शिकायतों एवं अन्य शैक्षणिक समस्यओं का समाधान अधिक सरल एवं सुगम हो सकेगा। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर एसओपी बनाना शुरू कर दिया है। इसके तहत सारी शिकायतों की कैटेगरी बनायी जा रही है। इसके बाद उनके निष्पादन के लिए दिनों का निर्धारण किया जाएगा। इसमें यह बताया जाएगा कि किस शिकायत का निष्पादन कितने दिनों में किया जाएगा। किसी प्रकार की शिकायत को किसी सूरत में लंबित नहीं रखा जा सकेगा। दरअसल, विभाग ने पिछले दिनों लांच की गयी सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने की कसरत में जुटा है। इस समय हाल यह है कि किसी छात्र-छात्रा या अभिभावक या फिर सामान्य जनता की कोई शिकायत आती हैं तो उसके निष्पादन के लिए कोई समय सीमा तय ही नहीं है। इससे कई तरह की परेशानी हो रही है। अधिसंख्य शिकायतों का निपटारा नहीं हो पा रहा है। इससे शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायतों के निपटारा को लेकर सरकार का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।


शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अब विद्यार्थी एवं अभिभावक टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे, जिनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। यह पहल छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। छात्र-छात्राओं व अभिभावकों की सारी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर करने के लिए शिक्षा विभाग ने सिंगल विंडो सिस्टम तैयार किया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से अब छात्रों एवं अभिभावकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सचिवालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग द्वारा टोल-फ्री नंबर 14417 एवं 18003454417 जारी किया जा चुका है। इन नंबरों पर आमजन शिक्षा, शिक्षण व्यवस्था, छात्र-छात्राओं तथा विद्यालय संबंधी शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कर सकते हैं।

एसओपी लाने की शिक्षा विभाग की तैयारी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link