शिक्षा-परीक्षा व्यवस्था पर आज होगा बड़ा मंथन
प्रयागराज। देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में बढ़ती चुनौतियों, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सोमवार को प्रयागराज में मंथन होगा। ‘विजन इंडिया’ की ओर से 29 जून को ‘शिक्षा-परीक्षा : क्यों ध्वस्त हुई व्यवस्था’ विषय पर होटल रुद्राक्ष में परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
इस परिचर्चा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन और घोसी से सांसद राजीव राय सहित कई वक्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों, शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोगों और शहर के गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है। परिचर्चा में शिक्षा व्यवस्था की मौजूदा स्थिति, परीक्षा प्रणाली की खामियां, युवाओं की रोजगार संबंधी चिंताओं और सुधार के उपायों पर चर्चा होगी।
पिछले विधानसभा चुनाव में इलाहाबाद उत्तर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे संदीप यादव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों की चुनौतियों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। शिक्षा और रोजगार के मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल भी बढ़ रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी 19 जुलाई को छात्रों और युवाओं के साथ इसी विषय पर संवाद करेंगे।

