हमीरपुर। जनगणना प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापक के आवास पर तहसीलदार ने पहुंचकर नोटिस चस्पा कराकर स्पष्टीकरण मांगा है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय तक उपस्थित न होने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं एचएलबी कार्य की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है।
तहसीलदार वीरपाल सिंह ने बताया कि शहर के सैय्यद बाड़ा मोहल्ला निवासी बृजेंद्र कुमार अनुरागी कुरारा विकास खंड के पतारा गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट के इंचार्ज प्रधानाध्यापक है। जो पतारा डांडा के एचएलबी संख्या-181 में प्रगणक नियुक्त किया गया था। जिनके द्वारा जनगणना कार्य में लापरवाही बरती जा रही है और कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पा रहा है।
पर्यवेक्षक आनंद प्रकाश साहू ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि संबंधित प्रगणक न तो नियमित रूप से जनगणना कार्य कर रहे हैं और न ही फोन उठा रहे हैं। वहीं 12 जून को प्रस्तुत रिपोर्ट में उनके द्वारा किए गए कार्य को संदिग्ध बताया गया। जिसको लेकर टीम गठित कर 13 जून को पतारा डांडा में जांच के निर्देश दिए थे। लेकिन संबंधित शिक्षक न तो मौके पर पहुंचा और न ही फोन का जवाब दिया।
तहसीलदार ने बताया कि शनिवार को बृजेंद्र कुमार अनुरागी के आवास पर पहुंचे तो वह नहीं मिले, जिस पर उनके आवास पर नोटिस चस्पा की गई है। यदि समय से वह नोटिस का जवाब नहीं देते हैं उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जनगणना जैसे कार्य में इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षक की तलाश में दौड़ते रहे तहसीलदार व अन्य लोग
शिक्षक की तलाश के लिए तहसीलदार व अन्य लोग जिला अस्पताल, खालेपुरा मुहल्ला समेत अन्य कई ठिकानों में दौड़ते नजर आए। लेकिन इन्हें कहीं भी शिक्षक नहीं मिला। मोबाइल से शिक्षक की लोकेशन भी अधिकारियों ने ट्रैश की। इसके बाद भी सफलता नहीं मिली। अंत में देरशाम शिक्षक के आवास पर नोटिस चस्पा करनी पड़ी।

