D.El.Ed मूल्यांकन में बड़ा फैसला: एक रोल नंबर की दो कॉपियां मिलने पर दोनों होंगी निरस्त
प्रयागराज। डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) की द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। पीएनपी सचिव राजेंद्र प्रताप ने सभी मूल्यांकन केंद्रों (डायट) के प्रभारियों को मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार यदि किसी एक ही विषय में एक ही अनुक्रमांक की दो उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त होती हैं, तो दोनों उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित डायट प्राचार्य के माध्यम से विसंगति वाली उत्तरपुस्तिका की सूचना और प्रतियां पीएनपी कार्यालय को उपलब्ध करानी होंगी।
पीएनपी सचिव ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 15 जून से 30 जून के बीच पूरा किया जाएगा। मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
इसके अलावा मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तरपुस्तिकाओं के भंडारण कक्ष, मूल्यांकन कक्ष, प्रशासनिक कक्ष तथा पत्राचार कक्ष को अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरों से कवर करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तरपुस्तिकाओं के कंटेनर खोले जाने और बंद किए जाने की वीडियो रिकॉर्डिंग भी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।
पीएनपी ने उपलब्ध कराई गई उत्तरपुस्तिकाओं को खोलने के लिए डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति मूल्यांकन कार्य की निगरानी और निर्धारित प्रक्रिया के पालन को सुनिश्चित करेगी।
गौरतलब है कि डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 13 से 15 मई तथा चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 से 20 मई के बीच आयोजित की गई थीं। अब उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

