संतकबीरनगर, निज संवाददाता। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास स्थित आवास पर सोमवार देर रात हाथ धोने गए एक शिक्षक की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जबकि शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भेड़िया उर्फ बकरिया गांव निवासी अरविंद कुमार पांडेय पैली खास प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। शहर के मेंहदावल बाईपास स्थित पुराने जिला पंचायत कार्यालय के समीप मकान बनवा कर पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार देर रात अरविंद कुमार पांडेय घर में हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन पर गए थे। उसी दौरान वहां मौजूद किसी जहरीले सांपनेउन्हें डंसलिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालयलेकर पहुंचे, वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे, लेकिन मेंहदावल बाईपास के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
