Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, July 15, 2026

घर में फंदे से लटका मिला सरकारी शिक्षक का शव:पत्नी लखनऊ में थीं, बाराबंकी पुलिस वीडियो कॉल के एंगल जांच में जुटी

 घर में फंदे से लटका मिला सरकारी शिक्षक का शव:पत्नी लखनऊ में थीं, बाराबंकी पुलिस वीडियो कॉल के एंगल जांच में जुटी



बाराबंकी जिले के रामनगर कस्बे में सोमवार सुबह एक सरकारी शिक्षक का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय शुभाषकर तिवारी के रूप में हुई है। वह रामनगर कोतवाली क्षेत्र के धमेड़ी-2 मोहल्ले के निवासी थे और जरवल रोड क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। उनके पिता बृजकिशोर तिवारी उर्फ घनश्याम तिवारी जिला सांख्यिकी अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं। घटना के समय शुभाषकर घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी छाया, जो स्वयं भी सरकारी शिक्षिका हैं, लखनऊ में थीं, जबकि दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से पहले शुभाषकर किसी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर इस पहलू की भी जांच कर रही है। शुभाषकर अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। पति-पत्नी दोनों ही जरवल रोड क्षेत्र में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

पड़ोसी पवन ओझा ने बताया कि सुभाषकर तिवारी वीडियो कॉल पर अपनी पत्नी और मां से बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान वह बार-बार फांसी लगाने की बात कह रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पहले डायल 112 पर कॉल की गई, फिर रामनगर पुलिस को सूचना दी गई।


मोहल्ले वालों के बुलाने पर वह एक बार कमरे से बाहर आए, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा दरवाजा बंद कर लिया और पंखे से गमछा बांधकर फांसी लगा ली। मृतक अपने पीछे तीन वर्ष की एक बेटी और दो वर्ष का एक बेटा छोड़ गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरेलू कलह और संपत्ति विवाद को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।


पुलिस बोली- सभी बिंदुओं पर जांच जारी


रामनगर के प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


घर में फंदे से लटका मिला सरकारी शिक्षक का शव:पत्नी लखनऊ में थीं, बाराबंकी पुलिस वीडियो कॉल के एंगल जांच में जुटी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link