पुरानी नियमावली से 20 हजार पदों पर विज्ञापन जारी करने की मांग, अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
लखनऊ। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के करीब 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के तहत विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने लखनऊ में प्रदर्शन किया।
युवा मंच के बैनर तले अभ्यर्थियों ने माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। मंत्री आवास पहुंचने पर पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोक दिया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने पुरानी नियमावली जिंदाबाद और पुरानी नियमावली बहाल करो के नारे लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
अधिकारियों से हुई वार्ता
प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से वार्ता कराई। इसके बाद सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों से वार्ता के लिए गया।
प्रतिनिधिमंडल ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल और अपर शिक्षा निदेशक कामता राम पाल से मुलाकात कर अपनी मांग रखी।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में शासन को प्रश्नोत्तरी तैयार कर भेजी जा रही है। मामले में जल्द ही शासन स्तर से निर्णय लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट अमित पांडेय, अखिलेश वर्मा, अशोक यादव, दीपा सिंह, रिंकी चौहान और भानु शुक्ल शामिल रहे।
मुख्य मांग: अभ्यर्थी चाहते हैं कि एडेड माध्यमिक विद्यालयों में खाली पड़े लगभग 20 हजार टीजीटी-पीजीटी पदों का विज्ञापन पुरानी नियमावली के आधार पर जारी किया जाए।
