Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, September 28, 2026

आयोग का सवाल, शिक्षामित्रों को भारांक देने के लिए क्या किया, 11508 शिक्षक भर्ती का मामला

आयोग का सवाल, शिक्षामित्रों को भारांक देने के लिए क्या किया, 11508 शिक्षक भर्ती का मामला

नगर क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों में 11508 सहायक अध्यापक भर्ती में शिक्षामित्रों को भारांक देने के मामले में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बेसिक शिक्षा विभाग से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अब तक की गई कार्यवाही के बारे में पूछताछ की है। चयन आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने 24 सितंबर को अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा पार्थसारथी सेनशर्मा को इस संबंध में पत्र लिखा है।






चयन आयोग का कहना है कि 15 सितंबर को सहायक अध्यापकों के 11508 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने 17 सितंबर को यह अवगत कराया है कि उच्चतम न्यायालय के 25 जुलाई 2017 के आदेश के अनुपालन में शिक्षामित्रों को 68500 एवं 69000 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में उनके प्रत्येक अध्यापन वर्ष के लिए 2.5 अंक, अधिकतम 25 अंक तक (जो भी कम हो) का भारांक तथा आयु में छूट प्रदान की गयी है।




उच्चतम न्यायालय ने राम शरण मौर्या के मामले में 18 नवंबर 2020 को शिक्षामित्रों को आगामी भर्ती में एक अतिरिक्त अवसर प्रदान करने के आदेश दिए हैं। सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी के पत्र के संबंध में चयन आयोग ने लिखा है कि इस भर्ती में शिक्षामित्रों को आयु सीमा में 60 वर्ष तक छूट प्रदान की गयी है। हालांकि शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम 2023 की धारा 30 में उल्लिखित है कि अध्यापकों या अनुदेशकों के चयन के संबंध में बेसिक शिक्षा अधिनियम 1972 के नियमों, विनियमों या परिनियमों में किसी बात के प्रतिकूल होते हुए भी चयन आयोग का अधिनियम प्रभावी होगा। आयोग के अधिनियम एवं विनियमावली में मात्र लिखित परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों के चयन की व्यवस्था है।




वहीं आयोग को यह सूचना नहीं दी गई है कि उच्चतम न्यायालय के 18 नवंबर 2020 के आदेश के क्रम में शिक्षामित्रों को आगामी भर्ती में एक अवसर प्रदान करने संबंधी राज्य सरकार या बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी किसी आदेश का उल्लेख नहीं है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के क्रम में राज्य सरकार या बेसिक शिक्षा विभाग ने क्या निर्णय लिया व शिक्षामित्रों को भारांक किस प्रकार दिए जाने की व्यवस्था तय की गयी है। लिहाजा बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों से आयोग को अवगत कराएं ताकि चयन प्रक्रिया की कार्यवाही सम्पादित की जा सके।




प्रधानाचार्य भर्ती में समाप्त हो चुका भारांक




चयन आयोग ने अपर मुख्य सचिव को भेजे पत्र में लिखा है कि प्रदेश सरकार की ओर से 12 सितम्बर 2026 को प्रकाशित सरकारी गजट में माध्यमिक शिक्षा विभाग में संचालित अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रधान (प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य) की अर्हता के लिए जारी पत्र में भारांक का कोई उल्लेख नहीं किया गया है अर्थात भारांक की व्यवस्था समाप्त की गयी है।




● सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कार्यवाही का मांगा ब्योरा




● भारांक के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशों की मांगी सूचना




● नगर क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में 11508 शिक्षक भर्ती का मामला



आयोग का सवाल, शिक्षामित्रों को भारांक देने के लिए क्या किया, 11508 शिक्षक भर्ती का मामला Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link