बकाया भुगतान व मूल वेतन में सुधार की मांग को लेकर प्रधान शिक्षकों की बैठक
प्रखंड संसाधन केंद्र हसनपुर में बीएसटीए गोप गुट प्रधान शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड के प्रधान शिक्षकों की बैठक हुई. बैठक में सभी प्रकार के बकाया वेतन का भुगतान, पीएम पोषण अंतर्गत व्यय का अविलंब भुगतान, मूल वेतन में सुधार, मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन प्रखंड स्तर पर होना सुनिश्चित हो. प्रखंड में रिपोर्ट से संबंधित प्राप्ति देना, सेवा पुस्तिका का संधारण सहित कई समस्याओं पर चर्चा की गई. बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन गोप गुट की प्रखंड इकाई के गठन से संबंधित प्रखंड कमेटी का गठन किया गया. जिसमें सर्व समिति से अध्यक्ष पद के लिए सुभाष कुमार, उपाध्यक्ष पद के लिए किरण कुमारी एवं सुशील कुमार, सचिव पद के लिए भोला कुमार, उपसचिव पद के लिए माला शर्मा, कोषाध्यक्ष पद के लिए अंगद कुमार, कार्यालय सचिव पद के लिए चंदन कुमार साहू, मीडिया प्रभारी के लिए दीप नारायण रजक, जिला प्रतिनिधि के रूप में चंदन कुमार राय एवं मिथुन कुमार को चुना गया.
बैठक में उपस्थित प्रधान शिक्षकों ने बताया कि हम सब मिलकर बेहतर विद्यालय के शैक्षणिक निर्माण कार्य करेंगे. सदन को संबोधित करते हुए बिहार स्टेट टीचर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने बताया कि संगठन मां के समान होता है, संगठित रहकर ही अपने अधिकारों को पा सकते हैं. अभी हमारी लड़ाई मूल वेतन में सातवें वेतन के अनुसार सुधार की आवश्यकता है, इसके लिए हसनपुर प्रखंड एवं समस्तीपुर जिले से हजारों की संख्या में राज्य संघ के आह्वान पर 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर आमरण अनशन एवं सत्याग्रह आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया.

