प्रधानाचार्य की बदसलूकी पर जेन-जी का हंगामा
सीतापुर, । राजकीय पॉलीटेक्निक ऐलिया के प्रधानाचार्य हरिओम वर्मा के खिलाफ सोमवार रात छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 40 से 50 जेनजी छात्र शिकायत लेकर जिलाधिकारी आवास पहुंचे। छात्रों ने प्रधानाचार्य पर अभद्रता, धमकाने और फेल करने की धमकी देने का आरोप लगाया। साथ ही कॉलेज में बिजली-पानी की अव्यवस्था और हॉस्टल में क्षमता से अधिक छात्रों के रहने की शिकायत की। छात्रों ने समस्याओं का समाधान न होने पर कलेक्ट्रेट में धरने की चेतावनी दी।
छात्रों का आरोप है कि 19 सितंबर को वे पॉलीटेक्निक के मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान प्रधानाचार्य वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। छात्रों ने घटना का वीडियो होने का भी दावा किया। उनका कहना है कि कॉलेज में बिजली और पानी की व्यवस्था ठीक नहीं है। शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है। फेल करने की बात कही जाती है।
मंगलवार को कॉलेज पहुंचेगी जांच टीम: डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने बताया कि छात्रों ने राजकीय पॉलीटेक्निक ऐलिया के प्रधानाचार्य की शिकायत की है। मंगलवार को टीम कॉलेज पहुंचकर जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

