Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, October 10, 2026

10 बैगलेस डे मॉड्यूल से बिना किताबों के सीखेंगे बच्चे, निखरेगा व्यक्तित्व

10 बैगलेस डे मॉड्यूल से बिना किताबों के सीखेंगे बच्चे, निखरेगा व्यक्तित्व

# 10 बैगलेस डे मॉड्यूल से बिना किताबों के सीखेंगे बच्चे, निखरेगा व्यक्तित्व



संवाद न्यूज एजेंसी




लखनऊ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित विद्यालयों में 10 बैगलेस डे मॉड्यूल लागू करने के निर्देश हैं। इसके तहत बच्चों को 10 दिन बिना बैग के सीखने और पढ़ने का मौका मिलेगा। साथ ही प्रार्थना सभा में भी बच्चों का व्यक्तित्व निखरेगा।




इसके लिए सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को 10 बैगलेस डे मॉड्यूल और अरुणोदय का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। निशातगंज स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को आनंदम के 10 बैगलेस डे मॉड्यूल और अरुणोदय प्रार्थना सभा गतिविधि कैलेंडर व निर्देशिका की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को किताबी रटंत विद्या और भारी-भरकम बस्ते के बोझ से मुक्ति दिलाना है।




### क्या है आनंदम मॉड्यूल?




आनंदम मॉड्यूल के तहत 10 दिन बिना बस्ते के बच्चों को खेल-कूद, संगीत, कला, पेंटिंग, डांस और नाटक जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इन 10 दिनों की गतिविधियों को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि वे किताबों के विषयों से जुड़ी होती हैं। इसमें कला, खेल, रचनात्मक कार्य, सामाजिक गतिविधियों और व्यावहारिक अनुभवों को पढ़ाई से जोड़ने का काम होगा। इससे बच्चों में कल्पनाशीलता, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास विकसित होगा और स्कूल का तनाव भी कम होगा।




### ये है अरुणोदय मॉड्यूल




इसके माध्यम से प्रार्थना सभा को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए बच्चों के व्यक्तित्व विकास के बारे में बताया जाएगा। इस दौरान शिक्षक बच्चों को योग, समसामयिक जानकारी देने के साथ-साथ प्रेरक प्रसंग, कहानियां और सांस्कृतिक गतिविधियां कराएंगे।




एनईपी के तहत इस पहल के जरिये बच्चों में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा सकती है। गतिविधियों के लिए तय कैलेंडर और निर्देशिका से स्कूलों में प्रार्थना सभा के संचालन में भी एकरूपता आएगी। इससे विद्यार्थियों की स्कूल में रुचि और उपस्थिति बढ़ाने की भी उम्मीद है।




— मनोज कुमार गिरि, डायट प्राचार्य



10 बैगलेस डे मॉड्यूल से बिना किताबों के सीखेंगे बच्चे, निखरेगा व्यक्तित्व Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link