पुरानी नियमावली पर आदेश में देरी, प्रदर्शन
टीजीटी-पीजीटी में एक अवसर देने का लिखित आदेश जारी करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी दी
प्रयागराज, कार्यालय संवाददाता। टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पुरानी नियमावली के तहत एक अवसर देने के आदेश में देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने पहले जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले की स्थिति जानी। इसके बाद आयोग पहुंचकर अधिकारियों से जल्द आधिकारिक आदेश जारी करने की मांग की।
अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी से पूछा कि पुरानी नियमावली के तहत एक अवसर देने के संबंध में आधिकारिक सूचना कब तक जारी होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि वह उच्च अधिकारियों के संपर्क में हैं और जल्द सूचना मिलने की उम्मीद है। इसके बाद अभ्यर्थी आयोग पहुंचे और अध्यक्ष से मुलाकात की मांग की। अध्यक्ष के लखनऊ में होने के कारण उनकी मुलाकात आयोग के सचिव संजय सिंह से हुई। सचिव ने बताया कि शासन से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पत्र नहीं मिला है। इस अवसर पर आशुतोष पांडेय ने कहा कि महीनों के संघर्ष और 19 दिनों के आमरण अनशन के बाद भी अभ्यर्थी लिखित आदेश का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो अभ्यर्थी दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।
### टीजीटी-2026 का विज्ञापन जारी करे आयोग
प्रयागराज। टीजीटी-2026 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने दिसंबर में प्रस्तावित परीक्षा के कैलेंडर पर आधिकारिक स्पष्टीकरण देने और विज्ञापन समय से पहले जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के बाद नया विज्ञापन नहीं आने से अभ्यर्थी परेशान हैं। छात्रों ने प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से पूछने और सामाजिक विज्ञान के चारों विषयों का कठिनाई स्तर समान रखने की भी मांग की। इस अवसर पर सुनील कुमार, दिनेश कुमार, जितेंद्र यादव, मनोज कुमार, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
### जूनियर शिक्षक भर्ती में 50 प्रतिशत सीधी भर्ती की मांग
प्रयागराज। परिषदीय जूनियर विद्यालयों में 50 प्रतिशत सीधी भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। शुक्रवार को कचहरी शिक्षा निदेशालय परिसर में छात्रों ने बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी से मुलाकात कर भर्ती नियमों में संशोधन की मांग उठाई। छात्रों ने कहा कि कक्षा छह से आठ तक के विद्यालयों में लंबे समय से सीधी भर्ती नहीं होने से अभ्यर्थियों के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पदोन्नति संबंधी नियमावली की जानकारी भी मांगी। छात्रों के अनुसार, सचिव ने शासन से मांगों पर विचार कराने की बात कही। संयुक्त प्रतियोगी छात्र संघर्ष मोर्चा ने घोषणा की कि 15 अक्टूबर को शाम पांच बजे मनमोहन पार्क चौराहे से आजाद पार्क तक मौन जुलूस निकाला जाएगा।
