हिंदी-अंग्रेजी के 1,114 पदों का परिणाम घोषित
प्रयागराज, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) 2022 हिंदी और अंग्रेजी विषय के 1114 पदों का परिणाम शुक्रवार शाम घोषित हो गया। अभ्यर्थियों ने दिन में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का घेराव किया तो उसके बाद शाम को परीक्षा समिति की बैठक करके संशोधित परिणाम वेबसाइट पर जारी कर दिया गया। अभिलेख सत्यापन में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का चयन निरस्त कर दिया गया है।
चयन आयोग के उपसचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि टीजीटी 2022 में विज्ञापित अंग्रेजी विषय का चयन परिणाम, कटऑफ एवं अन्तिम उत्तरकुंजी तथा हिंदी विषय का संशोधित चयन परिणाम, संशोधित कटऑफ एवं अन्तिम उत्तरकुंजी घोषित कर दी गई है। हालांकि चयन परिणाम हाईकोर्ट में योजित याचिकाओं में पारित अंतिम आदेश के अधीन रहेगा। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक का विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध है।

