संयुक्त अवर अधीनस्थ के 1784 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन 10 से
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग 12 विभागों में संयुक्त अवर अधीनस्थ के 1784 पदों पर भर्ती करने जा रहा है। ये सभी पद इंटरमीडिएट स्तर के हैं। भर्ती के लिए आवेदन 10 नवंबर से एक दिसंबर तक लिए जाएंगे। इसमें किसी भी तरह का संशोधन 8 दिसंबर तक किया जा सकेगा। आवेदन आयोग की वेबसाइट https:// upsssc.gov.in पर ऑनलाइन लिए जाएंगे।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2025) वाले आवेदन के लिए पात्र होंगे। पीईटी-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट से अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शार्टलिस्ट किया जाएगा। सभी वर्गों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये है। वाणिज्य कर संग्रह अमीन के 235, भूमि अर्जन अमीन 187, भंडार पाल एवं लिपिक 118, भंडार पाल एवं लिपिक विशेष चयन दो, सहकारी कृषि पर्यवेक्षक 50, गृहमाता पांच, सारणीयक (टेबुलेटर) 14, समाज कल्याण पर्यवेक्षक 137, ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण 525, ग्राम पंचायत अधिकारी 508, फार्म लिपिक दो और बिक्रीकर्ता के एक पद हैं।
परीक्षा दो घंटे की 100 अंकों की होगी। गलत सवाल पर निगेटिव मार्किंग होगी। भाग एक में भारतीय का इतिहास, संविधान, समाजिक विकास, भारत व विश्व भूगोल, अर्थव्यवस्था, ग्राम्य विकास, समाजिक घटनाएं और विज्ञान प्रौद्योगिकी से जुड़े पांच-पांच अंक के सवाल पूछे जाएंगे। भाग दो में पर्यावरण, डाटा इंटरप्रिटेशन, सामान्य हिंदी 10-10 अंक, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी 15 अंक और यूपी के बारे में 20 अंक के सवाल पूछे जाएंगे।
आयोग ने भर्ती संबंधी और परीक्षा पाठ्यक्रम के संबंध में पूरी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर दे दी है। इसे वेबसाइट पर देखा जा सकता है।

