चलती स्कूल बस में आग, कानपुर के 60 बच्चे बचाए
उन्नाव,। उन्नाव में शुक्रवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। लखनऊ से कानपुर जा रही स्कूली बच्चों से भरी एसी बस हाईवे पर आग का गोला बन गई। चीख-पुकार के बीच 60 बच्चों और तीन शिक्षकों को बस से बाहर निकाला गया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर 45 मिनट में आग पर काबू पाया। इस दौरान कानपुर आने वाली लेन एक घंटे तक बंद रही। कानपुर के कल्याणपुर स्थित गुरुनानक मॉडर्न स्कूल के 60 बच्चे लखनऊ स्थित आनंदी वाटर पार्क घूमने गए थे। उनके साथ शिक्षक आदेश पटेल, विवेक अवस्थी और सत्येंद्र कटियार भी थे। यहां से देर शाम एसी बस से सभी कानपुर लौट रहे थे। उन्नाव के गदनखेड़ा तक बस पहुंची थी, तभी टायरों से चिंगारी निकलने लगी।
हाईवे पर महेश नामक शख्स ने आवाज लगाते हुए बस रोकने का इशारा किया। बस में तेज म्यूजिक बजने के चलते न तो ड्राइवर गुला सिंह निवासी बिंदकी और न ही बच्चों और शिक्षकों को आवाज सुनाई दी।

