शिक्षकों की पदोन्नति की वरिष्ठता सूची पर 14 तक मांगी आपत्तियां
● 14 नवंबर की शाम 5 बजे तक आपत्तियां दे सकते हैं शिक्षक
लखीमपुर, बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया तेज हो गई है। शिक्षकों अनंतिम वरिष्ठता सूची सभी बीआरसी पर चस्पा कर दी गई हैं। शिक्षकों से 14 नवम्बर की शाम पांच बजे तक आपत्तियां मांगी गई हैं। बीएसए ने कहा कि अगर किसी शिक्षक को कोई आपत्ति है तो वह निर्धारित तिथि तक कार्यालय में जमा कर दें। इसके बाद आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद और उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शिक्षकों की अनंतिम ज्येष्ठता सूची सभी बीआरसी पर चस्पा की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिन शिक्षकों ने अभी तक इस ज्येष्ठता सूची को नहीं देखा है वह सूची देख लें। अगर कोई आपत्ति है तो 14 नवंबर तक का समय दिया गया है।
यदि किसी शिक्षक को सूची के संबंध में कोई आपत्ति है,तो अपने आपत्ति प्रार्थना पत्र साक्ष्यों के साथ 14 नवंबर को अपरान्ह पांच बजे तक बीएसए कार्यालय में जमा करा सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी दावे या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा और ज्येष्ठता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इसके बाद जिला स्तरीय पदोन्नति समिति द्वारा नियमानुसार शिक्षकों की पदोन्नति और प्रभारी प्रधानाध्यापकों की तैनाती की अग्रिम कार्रवाई पूरी कर दी जाएगी।
बीएसए ने बताया कि जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के शिक्षकों के साथ सभी बीईओ को निर्देशित किया है कि अनंतिम ज्येष्ठता सूची के बारे में जानकारी दें।

