Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, November 15, 2026

पांच विद्यालयों में मिलीं खामियां, प्रधानाध्यापकों को नोटिस के निर्देश

 एटा। जिले में परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेंद्र प्रसाद और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनुपम अवस्थी ने शीतलपुर और निधौली कलां विकासखंड के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच विद्यालयों में विभिन्न खामियां मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। संबंधित प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और कमियां दूर कराने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान ब्लॉक शीतलपुर के कंपोजिट विद्यालय बहादुरगढ़ में विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम मिली। इस पर सीडीओ राजेंद्र प्रसाद ने नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय कासिमपुर का निरीक्षण किया गया। यहां विद्यालय परिसर और शौचालय में गंदगी मिली। वहीं, प्रतिदिन सुबह भरी जाने वाली सूचना पट्टिका भी खाली पाई गई। इस पर अधिकारियों ने संबंधित प्रधानाध्यापक से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद निधौली कलां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय बिजौरी का निरीक्षण किया गया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। अधिकारियों ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों ने बालिकाओं की सुरक्षा, आवासीय व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके साथ ही छात्राओं से बातचीत कर उनकी शैक्षिक प्रगति की जानकारी ली। सीडीओ और बीएसए ने बालिकाओं को पढ़ाया भी।

विज्ञापन





वहीं, प्राथमिक विद्यालय नगला किसी में निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक खामियां मिलीं। परिसर में गंदगी और मलबा पड़ा था। फर्श टूटा हुआ था और शौचालय भी गंदे व जर्जर हालत में मिले। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में मरम्मत और साफ-सफाई समेत सभी कमियों को 15 दिन के भीतर दूर कराने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



शनिवार को बेसिक के पांच विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इसमें कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। - राजेंद्र प्रसाद, सीडीओ

पांच विद्यालयों में मिलीं खामियां, प्रधानाध्यापकों को नोटिस के निर्देश Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link