Census 2027 Self Enumeration: 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे करें जनगणना, जानें ऑनलाइन प्रक्रिया
Self Enumeration 2026: दूसरे चरण की जनगणना से पहले शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया, प्रत्येक व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 सवाल, जानें पूरा तरीका और महत्वपूर्ण तारीखें।
प्रयागराज। जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच आम नागरिकों के लिए बड़ी खबर है। जनगणना के दूसरे चरण में अब परिवार के प्रत्येक सदस्य का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रक्रिया के तहत लोग घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना पूरी होने के बाद परिवार को एक विशेष Self Enumeration ID मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। बाद में जब जनगणना कर्मचारी घर पर आएंगे, तब इस आईडी को दिखाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
जनगणना 2027 की महत्वपूर्ण तारीखें
प्रक्रिया निर्धारित तिथि
स्व-गणना (Self Enumeration) 16 से 30 नवंबर 2026
घर-घर जनसंख्या गणना 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
बेघर व्यक्तियों/परिवारों की गणना 4 जनवरी की शाम से 4/5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक
जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027
पुनरीक्षण एवं संशोधन कार्य 5 से 9 जनवरी 2027
प्रत्येक व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 सवाल
जनगणना के दूसरे चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके लिए प्रश्नावली तैयार की गई है, जिसमें लगभग 40 सवाल शामिल हैं। इन सवालों के माध्यम से परिवार के सदस्यों का आवश्यक विवरण एकत्र किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने स्व-गणना में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों का सटीक और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास, जनकल्याण और अन्य योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करती है।
ऐसे करें घर बैठे Self Enumeration
स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने के लिए नागरिकों को निम्नलिखित चरणों का पालन करना होगा:
16 से 30 नवंबर 2026 के बीच जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
उत्तर प्रदेश और अपनी पसंद की भाषा का चयन करें।
प्रथम चरण में मोबाइल नंबर दर्ज करके पंजीकरण करें।
मोबाइल पर प्राप्त OTP से सत्यापन करें।
अपना जिला, तहसील और गांव अथवा शहर चुनें।
मानचित्र पर अपने मकान की लोकेशन दर्ज करें।
परिवार के मुखिया सहित सभी सदस्यों का विवरण भरें।
सभी जानकारियों की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
सबमिट होने के बाद प्राप्त Self Enumeration ID को सुरक्षित रख लें।
जनगणना कर्मियों के आने पर क्या करना होगा?
स्व-गणना करने के बाद भी जनगणना की प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त नहीं होगी। निर्धारित अवधि में जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान परिवार के मुखिया को अपनी Self Enumeration ID उपलब्ध करानी होगी और आवश्यकता पड़ने पर विवरण की पुष्टि करनी होगी।
ध्यान दें: मोबाइल नंबर और OTP सत्यापन के साथ सही मकान की लोकेशन दर्ज करना महत्वपूर्ण है। सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें, ताकि जनगणना के आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
जनगणना 2027 में डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की सुविधा मिलने से नागरिकों को घर बैठे अपने परिवार का विवरण दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसलिए सभी नागरिक निर्धारित तिथियों के भीतर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
