फर्रुखाबाद। शिक्षिका व उसके पति से अभद्रता करने और गाड़ी का शीशा तोड़कर धमकी देने के मामले में शिक्षक संगठन प्रधान के पति के खिलाफ लामबंद हो गया है। माध्यमिक शिक्षक संगठन ने जिला प्रशासन से प्रधान के पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। सीके रायजादा इंटर कॉलेज शमसाबाद की सहायक अध्यापिका प्रियंवदा सिंह दो दिन पूर्व पति के साथ कार से मऊदरवाजा क्षेत्र के अपने गांव जा रहीं थी। गांव में घुसते ही सड़क पर प्रधान के पति ने निर्माण सामग्री डलवा रखी थी। जिससे वहां वाहनों का जाम लग गया। शिक्षिका ने प्रधान के पति को बुलवाकर निर्माण सामग्री हटवाने के लिए कहा, इसको लेकर प्रधान के
पति और शिक्षिका में विवाद होने लगा। शिक्षिका ने प्रधान के पति पर गाली गलीज कर अभद्रता करने और गाड़ी के शीशा तोड़ने का आरोप लगाया है। इसकी जानकारी माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष लालाराम दुबे को दी। अध्यक्ष ने रविवार को संगठन के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। इसमें शिक्षिका से अभद्रता और गाड़ी के शीशा तोड़ने का मामला उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि प्रधान के पति के खिलाफ कार्रवाई, कराने के लिए डीएम और एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन दिया जाएगा। प्रधान के पति के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन आंदोलन करेगा। इस दौरान सुधाकर चतुर्वेदी, सत्येंद्र सिंह, संतोष दुबे, प्रशांत शिक्षक मौजूद रहे। (संवाद)
