लखीमपुर खीरी। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने सोमवार को लखीमपुर ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया, जिसमें कई विद्यालयों का भौतिक व शैक्षिक परिवेश संतोषजनक नहीं मिला है।
इससे बीएसए ने चार विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों सहित स्टाफ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
संविलियन विद्यालय रौंसा में स्टाफ उपस्थित मिला, लेकिन भौतिक परिवेश संतोषजनक नहीं मिला। संविलियन विद्यालय बेल में भौतिक परिवेश संतोषजनक मिला, लेकिन शैक्षिक स्तर निम्न कोटि का पाया गया। इस पर बीएसए ने समस्त स्टाफ का स्पष्टीकरण मांगा है। प्राथमिक विद्यालय बेलवा में इंचार्ज प्रधानाध्यापक सहायक व अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर गए हुए थे।
केवल शिक्षामित्र उपस्थित मिले, लेकिन यहां भौतिक एवं शैक्षिक परिवेश निम्न कोटि का मिला, जिसके लिए समस्त स्टाफ को कड़ी चेतावनी देकर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संविलियन विद्यालय कोढैया में तीन शिक्षक व एक शिक्षामित्र अवकाश पर मिले, जबकि एक शिक्षक व एक अनुदेशक स्पोर्ट मीट के लिए रवाना पाए गए। यहां भी शैक्षिक एवं भौतिक परिवेश संतोषजनक नहीं मिला और समय सारणी भी नहीं बनी थी, जिससे समस्त स्टाफ को कड़ी चेतावनी जारी कर इंचार्ज प्रधानाध्यापक का स्पस्टीकरण मांगा गया है।
संविलियन विद्यालय कैमखादर में भौतिक एवं शैक्षिक परिवेश संतोषजनक मिला।
