बागपत। उत्तर प्रदेशीय सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद के आह्वान पर मंगलवार को सेवानिवृत्त शिक्षकों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
ज्ञापन में एक जनवरी 2020 से 30 जून 2020 के मध्य के एरियर का भुगतान करने, जुलाई 2021 से तीन प्रतिशत की दर से अतिरिक्त महंगाई राहत का भुगतान करने, कर्मचारियों को दीन दयाल कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए प्राधिकृत चिकित्सालयों की सूची जारी करने की मांग उठाई । परिवहन विभाग की बसों में किराए में छूट प्रदान करने, आयु के आधार पर पेंशन में वृद्धि करने, पेंशन की धनराशि की बहाली 15 वर्ष के बजाए 12 वर्ष करने, एक जनवरी 2006 से पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनर्स को 33 वर्ष की सेवा न होने पर भी पूरी पेंशन देने अविवाहित / विधवा / तलाकशुदा पुत्री/विधवा पुत्र वधु का नाम पीपीओ में परिवारिक पेंशनर की भांति अंकित करने की मांग की। इसअवसर पर धरने में परिषद के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, महामंत्री राजपाल सिंह वर्मा, ओमप्रकाश, रामपाल सिंह, अख्तर अली, सोमदत्त शर्मा, शिशुपाल सिंह, हरपाल सिंह, कंवरपाल शर्मा मौजूद रहे ।
