परिषदीय विद्यालयों में आयोजित की गई सामान्य ज्ञान प्रश्नावली परीक्षा
कमिश्नर लखनऊ मंडल रंजन कुमार के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देशन में जनपद खीरी के समस्त विकास क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों में छात्र- छात्राओं के पठन पाठन कार्ययोजना के अंतर्गत सामान्य ज्ञान स्तर में उन्नयन हेतु सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी परीक्षा आयोजित की गयी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकान्त पाण्डेय ने बताया कि समस्त परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा प्रभारी प्रधानाध्यापक/ इंचार्ज प्रधानाध्यापक के द्वारा कोविड गाइड लाइन को दृष्टिगत रखते हुए शुचिता पूर्ण परीक्षा का आयोजन किया गया।
परीक्षा चार वर्गों में सम्पन्न की गयी । ग्रुप ए में कक्षा 1, ग्रुप बी में कक्षा 2 व 3, ग्रुप सी में कक्षा 4 व 5 तथा ग्रुप डी में कक्षा 6, 7 व 8 के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी ग्रुप से एक श्रेष्ठ छात्र / छात्रा का चयन किया जाएगा। विद्यालयों से प्रत्येक ग्रुप से चयनित सर्वश्रेष्ठ छात्र छात्रा, न्याय पंचायत स्तर दिनांक 10 दिसम्बर 2021 को आयोजित परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। न्याय पंचायत स्तर से चयनित सर्वश्रेष्ठ छात्र/छात्रा 13 दिसंबर 2021 को अपने विकास क्षेत्र के बी आर सी पर आयोजित परीक्षा में तथा विकास क्षेत्र स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ छात्र/छात्रा जनपद स्तर पर 15 दिसंबर 2021 को बीएसए कार्यालय में आयोजित परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
जनपद स्तर पर चयनित छात्र/छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकान्त पाण्डेय ने कहा कि ऐसी परीक्षाओं से छात्र/छात्राओं के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास होता है व उनके ज्ञान स्तर में वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में पहली बार एक साथ आयोजित होने वाली प्रश्नावली परीक्षा को सफलता पूर्ण सम्पन्न कराने के लिए अपने समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व समस्त स्टाफ की प्रशंसा की है।
