लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपलोड की गई शिक्षकों की वरीयता सूची में 6110 सहायक अध्यापकों का नाम शामिल किया गया है। इसके अलावा शहर के तीन शिक्षकों को भी सूची में स्थान दिया गया है। सूची का फाइनल मिलान होने के बाद इसे आगे की कार्यवाही के लिए अपलोड किया जाएगा।
बीते कई सालों से जिले के शिक्षकों को प्रमोशन का इंतजार कर रहे थे। शासन स्तर से आदेश मिलने के बाद शिक्षकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा है। विभाग ने अध्यापकों की वरिष्ठता सूची तैयार कर ली है। विभागीय अधिकारियों ने सभी ब्लॉकों से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची मंगा कर मिलान करना शुरू कर दिया है। मिलान हो जाने के बाद सूची पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके बाद निदेशालय स्तर से निर्णय लिया जाएगा। बताया जाता है कि प्रमोशन हो जाने के बाद यही शिक्षक जूनियर हाईस्कूलों में सहायक अध्यापक बन जाएंगे।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आदेश मिलने के बाद कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर वरिष्ठता सूची मंगाने का आदेश दिया गया था। सभी ब्लाकों से सूची आ गई, अब मिलान बाकी है। उन्होंने बताया कि 2016 में प्रमोशन हुए थे। इसके बाद से यह प्रक्रिया पर विराम लग गया था। कहा कि शिक्षकों की जो वरिष्ठता सूची तैयार की जाए उसमें पूरी पारदर्शिता और शुद्धता बरती गई है। इसके अलावा शिक्षकों की जन्मतिथि, कार्यभार ग्रहण करने की तिथि के अनुसार ही वरिष्ठता सूची तैयार कराई गई है। इस सूची में 6110 शिक्षकों को शामिल किया गया है। साथ ही शहर के तीन शिक्षकों का भी प्रमोशन होना है।

