महोबा. बुंदेलखंड के महोबा में एक स्कूली छात्रा ने जानलेवा कदम उठा लिया. वजह सिर्फ इतनी थी कि एक दिन पहले छात्रा के स्कूल बैग में टीचर ने गुटखा का पाउच पकड़ लिया था. इसके बाद उसे फटकार लगाई और अभिभावकों को स्कूल बुलाने के लिए कहा था. फिर बच्ची के पिता से भी गुटखा खाने की शिकायत की थी.
मामला महोबा जिले के कबरई थाना इलाके के विवेक नगर मोहल्ले का है. यहां रहने वाले अमित साहू की बेटी अंजलि, बद्री सिंह इंटर कॉलेज में 11 वीं क्लास में पढ़ाई कर रही थी. उसकी उम्र 17 साल थी. उसके पिता एक किराना दुकान चलाते हैं. बीते दिनों छात्रा अंजलि के बैग में टीचर को गुटखा का पाउच मिल गया था. इस पर उसकी टीचर ने उसे डांट लगाई. फिर पिता को स्कूल बुलाने के लिए कहा. पिता स्कूल आए तो सबके सामने उनसे भी अंजलि के गुटखा खाने की शिकायत कर दी.
अंदेशा नहीं था की बेटी ऐसा करेगी
पिता अंजलि को स्कूल से साथ में वापस लेकर लौट आए. घर आने के बाद उन्होंने भी बेटी को डांटा और गुटखा नहीं खाने की बात कही. पिता अमित साहू ने बताया कि स्कूल की मेडम के बाद मैंने भी डांट दिया था. लेकिन हमें अंदेशा नहीं था कि बेटी इससे आहत होकर इतना बड़ा कदम उठा लेगी. छात्रा ने अपमानित मेहसूस किया. उसने मकान के ऊपरी कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली.
कमरे में पहुंचकर देखा तो, सन्न रह गए
परिवार वालों ने बताया कि छात्रा घर में दिखाई नहीं दी, तो हमने ढूंढ़ना शुरू कर दिया. ऊपर के कमरे में ढूंढ़ने पहुंचे तो अंदर से दरवाजा लगा हुआ था. फिर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला तो, सब सन्न रह गए. किशोरी फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली. तत्काल उतारकर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.

