Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, May 21, 2024

मौसम का मिजाज: पूर्वी यूपी में कल से आंधी-पानी के आसार, बढ़ती गर्मी के बीच वेस्ट यूपी में चार दिनों का रेड अलर्ट

 मौसम विभाग ने 21 से 24 मई के दरम्यान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ग्रीष्म लहरी का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पश्चिमी यूपी के विभिन्न अंचलों में दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी के साथ लू का प्रकोप रहेगा, रात भी गर्म रहेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दरम्यान अलग-अलग स्थानों पर आंधी पानी के आसार जताये गये हैं। सोमवार को प्रदेश के सबसे गर्म स्थान आगरा और मथुरा-वृंदावन रहे जहां पारा 47 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर और कानपुर में दिन का तापमान क्रमश: 46-46 डिग्री सेल्सियस रहा। बागपत में 45 और प्रयागराज में 44.5 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान दर्ज किया गया।



रविवार की ही तरह सोमवार की रात भी गर्म रही और रात का तापमान भी कई स्थानों पर सामान्य से अधिक रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार अगले चार दिनों के दरम्यान पूर्वी उ.प्र. में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने या बारिश होने का अनुमान है।


मेरठ सहित समस्त उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी के दायरे में, रात में भी राहत नहीं




सामान्य से ऊपर पहुंचे अधिकतम तापमान एवं लू के बीच मेरठ सहित उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी रौद्र रूप दिखाने वाली है। 24 मई तक मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। अभी तक यह गुलाबी श्रेणी में था। 24 मई तक वेस्ट यूपी में ना केवल दिन में प्रचंड गर्मी और अत्यधिक लू चलेंगी बल्कि रात में भी तापमान बढ़ेगा। ऐसे में दिन के साथ रात में भी अत्यधिक गर्मी का शिकंजा कसने जा रहा है।






मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और वेस्ट यूपी में 24 मई तक अत्यधिक लू चलने की चेतावनी दी है। सोमवार को मेरठ में दिन का तापमान 42 और रात का 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो क्रमश: सामान्य से 3.1 और 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अगले कुछ दिन में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के आसार हैं। 




शहरों में पारा




आगरा 46.6


बागपत 45.3


गौतमबुद्ध नगर 45.6


झांसी 46.1


मथुरा-वृंदावन 47.1


मेरठ 42.0


मुजफ्फरनगर 40.5


गाजियाबाद 43.1


तापमान डिग्री सेल्सियस में

मौसम का मिजाज: पूर्वी यूपी में कल से आंधी-पानी के आसार, बढ़ती गर्मी के बीच वेस्ट यूपी में चार दिनों का रेड अलर्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link