शेखोपुरसराय नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत निमी गांव के अनुसूचित टोला में स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को शिक्षक व शिक्षिका उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर विवाद में आपस
में भीड़ गए। एक तरफ जहां शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के. के पाठक के द्वारा शिक्षकों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया जा रहा है। ताकि विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने आए छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा प्रदान किया जा सके। वही निमी गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित टोला में शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं के समक्ष हीं अनुशासन की धज्जियां उड़ा कर रख दिया।
विवाद के दौरान शिक्षक व शिक्षिका ने एक दूसरे को गाली गलौज करते हुए चप्पल-जूते से मारने की धमकी देना चालू कर दिया। जिसे देख सरकारी विद्यालय में पढ़ रहे छात्र व छात्राएं अचंभित रह गए। विवाद होते देख विद्यालय में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सूचित किया गया। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इस घटना के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वही इस घटना को लेकर किसी पक्ष के द्वारा स्थानीय थाना में मामला दर्ज नहीं कराया गया है। इस संबंध में विद्यालय की शिक्षिका शिखा कुमारी ने बताया की शिक्षक नित्यानंद चंद्र के द्वारा अवैध तरीके से सरकारी रजिस्टर पर उपस्थित दर्ज किया जा रहा था। जिसे रोकने पर नित्यानंद चंद्र ने बच्चों के सामने ही कृष्णनंदन पाण्डेय और उनको गाली गलौज करना चालू कर दिया और चप्पल जूते से मारने की धमकी देने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें शिक्षक नित्यानंद चंद्र से बचाया।

